चंडीगढ़। पंजाब के सीएम भगवंत मान ने 6 हजार से अधिक कर्मचारियों को पक्का करने की घोषणा की है। उन्होंने यह जानकारी लोहड़ी के मौके पर ट्वीट से साझा की। साथ ही इसकी विस्तृत जानकारी जल्द सार्वजनिक किए जाने की बात कही है। सीएम भगवंत मान ने ट्वीट कर कहा कि आज लोहड़ी के त्योहार के मौके पर एक और खुशखबरी आपके साथ सांझी कर रहा हूं। आगे लिखा कि हमारी सरकार लगातार लोक हित में फैसले ले रही है और इसी कड़ी में 6 हजार से अधिक कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का रास्ता साफ हो गया है। कर्मचारी सालों से कर रहे पक्की नौकरी की मांग सीएम भगवंत मान इससे पहले सरकारी नौकरियों समेत कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने के मामले में अकसर कानूनी पेचीदगी दरपेश होने की बात कहते रहें है, लेकिन अब उनके ट्वीट से स्पष्ट है कि सभी प्रकार की परेशानियों को दूर कर लिया गया है। पंजाब रोडवेज समेत एम्बुलेंस108 और अन्य कई विभागों में कर्मचारी लंबे समय से कांट्रैक्ट पर सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। सभी कर्मचारी सालों से उन्हें पक्का करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। बहरहाल, पंजाब सरकार किस प्रकार व विधि से कर्मचारियों को स्थायी करेगी, इसकी जानकारी सार्वजनिक होना फिलहाल शेष है।
Cm Mann Gave A Gift To The People On Lohri Announced To Confirm 6 Thousand Employees