जालंधर। जालंधर लोकसभा उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी है। वोटिंग की रफ्तार काफी धीमी है। दोपहर 1 बजे तक सिर्फ 31% ही वोटिंग हुई है। वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी। इस दौरान कई जगहों पर बाहरी लोगों को पोलिंग एजेंट बनाने के खुलासे हुए। कांग्रेस ने कुछ तस्वीरें जारी की हैं, जिनमें दावा किया गया कि आम आदमी पार्टी ने बाहरी जिलों के कार्यकर्ताओं को यहां पोलिंग एजेंट बना रखा है। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें जिला छोड़ने की चेतावनी देनी शुरू कर दी है। उन्हें कहा गया कि जालंधर जिला छोड़ दें अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसी दौरान शाहकोट के गांव रूपेवाला में आम आदमी पार्टी(AAP) और कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़ गए। शाहकोट से कांग्रेस MLA हरदेव सिंह लाडी शेरोवालिया ने आरोप लगाया कि बाबा बकाला से AAP विधायक दलवीर सिंह टोंग जालंधर में घूम रहे हैं। चुनाव आयोग के नियम के मुताबिक वोटिंग के दिन बाहरी आदमी जालंधर में नहीं आ सकता। इसके बावजूद विधायक यहां वोटरों को प्रभावित कर रहे हैं। उधर आप नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस वर्करों ने धक्केशाही की। जिसके बाद विधायक टोंग को वहां कमरे में बंद कर दिया गया। मौके पर पुलिस ने वहां पहुंचकर विधायक को बाहर निकाला और अब थाने ले गई है। कांग्रेस व आप के वर्कर आपस में भिड़े वहीं जालंधर नॉर्थ में भी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के वर्कर भिड़ गए। यहां कांग्रेस वर्करों ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के कुछ लोग आए और उन्होंने वहां पर विरोधी दलों के बूथ तोड़ डाले। लोगों का कहना है कि जिन लोगों ने बूथों पर हमला किया वह सारे नशे में धुत थे। महिला मंदीप कौर ने बताया कि वह अपने बूथ पर बैठे हुए थे कि वहां गंजी उसका भाई बॉबी अपने साथियों के साथ आए और उन्होंने सीधे हमला बोल दिया। न किसी से कोई कहासुनी हुई और न ही किसी ने उन्हें कोई बुरा भला कहा। मंदीप कौर ने कहा कि उसके कपड़े फाड़ दिए। गले से सोने की चेन भी छीन कर ले गए। महिला ने कहा कि गंजी और उसके भाई ने बॉबी ने धमकी दी कि शाम तक उसकी और उसके बेटे को वह जान से मार डालेंगे। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि यदि उन्हें और उनके बेटे को कुछ हुआ तो इसकी जिम्मेदारी गंजी और बॉबी की होगी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने बताया भाजपा के बूथ पर बैठे कार्यकर्ता का सिर फोड़ दिया गया। वहीं आम आदमी पार्टी नेता दिनेश ढल्ल ने कहा कि यह मामूली कहासुनी हुई थी।
31 Percent Voting Till 1 Pm In Jalandhar Aap Made Outsiders Polling Agents Police Gave Ultimatum To Outsiders To Leave The District