चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और सूबे के पूर्व CM चरणजीत चन्नी के बीच एक क्रिकेटर से नौकरी के बदले में 2 करोड़ रुपए मांगने के मुद्दे पर चल रही जुबानी जंग रोचक मोड़ पर पहुंच गई है। मुख्यमंत्री मान बुधवार को अपने वादे के मुताबिक जस इंदर सिंह नामक क्रिकेटर को लेकर मीडिया के सामने आए। इस दौरान जस इंदर के पिता मनजिंदर सिंह भी मौजूद रहे। भगवंत मान ने कुछ डॉक्यूमेंट पेश करते हुए दावा किया कि क्रिकेटर जस इंदर सिंह से ही चन्नी के भतीजे जश्न ने सरकारी नौकरी देने की एवज में 2 करोड़ रुपए मांगे थे। मान ने यह भी कहा कि गुरुद्वारे जाकर सफाई देने वाले चन्नी अपने भतीजे से एक बार फिर पूछ लें कि उसने पैसे मांगे थे या नहीं? क्रिकेटर जस इंदर सिंह मोहाली का रहने वाला है और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में पंजाब किंग्स टीम का हिस्सा है। उधर पूर्व CM चरणजीत चन्नी ने भगवंत मान के दावे के बाद शाम 4 बजे चंडीगढ़ कांग्रेस भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुला ली है। चन्नी इसमें मान के आरोपों का जवाब देंगे। चन्नी से मुलाकात की फोटो दिखाई मान ने मीडिया को क्रिकेटर जस इंदर और चन्नी की मुलाकात की फोटो दिखाते हुए कहा कि अब चन्नी खुद फैसला कर लें कि ये वही हैं या कोई और है? मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पहली बार जब ये मामला उठाया तो चन्नी ने गुरुद्वारे जाकर श्री गुरु ग्रंथ साहिब के सामने सफाई दी और फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस करके दावा किया था कि वह कभी किसी खिलाड़ी या उसके परिवार से नहीं मिले। इन फोटोज ने चन्नी के झूठ की पोल खोल दी है। क्रिकेटर के पिता बोले- 10 मिनट मुलाकात हुई थी प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री के साथ मौजूद क्रिकेटर जस इंदर के पिता मनजिंदर सिंह ने कहा कि उनकी मोहाली में 9 नवंबर 2021 को तत्कालीन मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी से 10 मिनट मुलाकात हुई थी। तब चन्नी के साथ तत्कालीन डिप्टी सीएम ओपी सोनी और पूर्व मंत्री बलबीर सिद्धू भी थे। भगवंत मान ने मनजिंदर सिंह और चन्नी की मुलाकात की फोटो के अलावा उस दिन के प्रोग्राम का इन्विटेशन लेटर भी मीडिया को दिखाया। पिता बोले- चन्नी ने सबके सामने किया जलील जस इंदर के पिता मनजिंदर सिंह ने कहा कि मैं दो लाख रुपए देने के लिए जब चन्नी के भतीजे जश्न से मिला तो जश्न बोला कि गाड़ी में चलकर हिसाब करते हैं। इस पर मैंने कहा कि पैसे तो मेरी जेब में ही है। ये सुनकर जश्न ने पूछा कि कितने हैं तो मैंने बताया कि 2 लाख रुपए हैं। मनजिंदर के अनुसार, मेरी बात सुनकर जश्न कमरे में बैठे मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी से मिलने चला गया। मैं कुछ लोगों के साथ उनके दफ्तर के बाहर ही खड़ा रहा। थोड़ी देर बाद चन्नी खुद कमरे से निकल कर बाहर आए और सबके सामने मुझे जलील करना शुरू कर दिया। चन्नी कह रहे थे कि तुम्हारा लड़का कौन सा ओलिंपिक मेडल लेकर आया है? मुख्यमंत्री के मुंह से इस तरह के जलालत भरे शब्द सुनकर मैं स्तब्ध रह गया। मनजिंदर सिंह ने कहा कि हमारे इलाके के कांग्रेसी विधायक बलबीर सिंह सिद्धू उस समय मौके पर ही मौजूद थे। यह सारा घटनाक्रम उनके सामने ही हुआ था। इस बारे में उनसे भी पूछा जा सकता है। 20 मई से शुरू हुआ विवाद क्रिकेटर जस इंदर सिंह IPL में पंजाब किंग्स टीम का हिस्सा है। 19 मई को पंजाब किंग्स का हिमाचल के धर्मशाला स्टेडियम में क्रिकेट मैच था। पंजाब किंग्स की मालकिन प्रीति जिंटा के न्योते पर CM भगवंत मान यह मैच देखने पहुंचे थे। मैच के बाद जस इंदर ने मान को इस पूरे एपिसोड के बारे में बताया। हिमाचल से लौटने के अगले ही दिन, 20 मई को संगरूर की एक सभा में भगवंत मान ने इसका खुलासा किया। मान के अनुसार, पंजाब के खिलाड़ी ने बताया कि वह पिछली कांग्रेस सरकार में तत्कालीन सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के पास नौकरी लेने गया। कैप्टन ने कहा कि उसका काम हो जाएगा लेकिन उसी बीच कांग्रेस ने कैप्टन को हटा दिया और चन्नी CM बन गया। इसके बाद जब वह खिलाड़ी चन्नी से मिला तो चन्नी ने उसे अपने भतीजे से मिलने को कहा। मान ने दावा किया था कि जब वह खिलाड़ी चन्नी के भतीजे से मिला तो उसने कहा कि 2 लगेगा। खिलाड़ी ने सोचा कि शायद 2 लाख रुपए कह रहे हैं। इसलिए वह अपने पिता के साथ 2 लाख रुपए लेकर पहुंच गया तो चन्नी का भतीजा उसे गालियां देते हुए कहने लगा कि उसके 2 का मतलब 2 करोड़ रुपए होता है। मान ने कहा कि चन्नी को खुद सामने आकर सबकुछ कबूल करना चाहिए। चन्नी बोले- यदि मैंने पैसे लिए, तो मेरा कुछ न रहे मुख्यमंत्री के आरोपों के बाद 20 मई की शाम को ही पूर्व CM चन्नी ने कहा कि मान की सारी बातें झूठ की बुनियाद पर टिकी हैं। मान ने संगीन आरोप लगाए हैं इसलिए मुझे समझ नहीं आ रहा कि मैं कहां जाकर अपने मन की बात कहूं। इसलिए मैं शहीदों की धरती, चमकौर साहिब के गुरुद्वारा कत्लगढ़ साहिब आकर अरदास कर रहा हूं। चन्नी ने गुरुद्वारे में अरदास करने के बाद कहा कि यदि मैंने किसी से भी एक पैसा लिया हो तो मेरा कुछ न रहे।
Cm-Mann-Came-Forward-With-The-Cricketer-Claimed-To-Have-Demanded-2-Crores-From-Former-Cm-Channis-Nephew-Jashan-Asked-For-Money-In-Exchange-For-The-Job-Channi-Will-Answer-At-4-Pm