लुधियाना, डेस्क 7 जून लुधियाना से `आप’ सांसद (राज्य सभा) संजीव अरोड़ा ने सोमवार को नई दिल्ली में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के चेयरमैन संतोष कुमार यादव से मुलाकात की और उनसे साइकिल ट्रैक, पार्किंग स्थल और शहर में इंडस्ट्रियल क्लस्टर्स के साथ स्पर्स को जोड़ने की बढ़ती मांग पर विचार करने का आग्रह किया। अरोड़ा ने आज यहां यह जानकारी देते हुए कहा कि एनएचएआई के चेयरमैन के साथ बैठक के दौरान उन्होंने लुधियाना शहर में एलिवेटेड रोड बनाने के लिए एनएचएआई की सराहना की। उन्होंने एनएचएआई के चेयरमैन को अवगत कराया कि कुछ देरी हो रही है, जिसके लिए उन्होंने उनसे अनुरोध किया कि निर्माण के कारण नागरिकों को होने वाली यातायात समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान किया जाए। अरोड़ा ने एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर द्वारा तैयार की गई एक रिपोर्ट भी प्रस्तुत की, जिसमें खुलासा किया गया है कि लगभग 750 वाहनों को सर्विस रोड और मुख्य कैरिज के बीच एलिवेटेड रोड पर पार्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि सड़क के दोनों ओर व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं। उन्होंने एनएचएआई के चेयरमैन से मंजूरी दिलाने का अनुरोध किया ताकि आगे चलकर किसी भी तरह की ट्रैफिक अव्यवस्था से बचने के लिए पार्किंग स्लॉट बनाए जा सकें। अरोड़ा ने एनएचएआई के चेयरमैन से एनएचएआई की सड़कों के किनारे साइकिल ट्रैक स्थापित करने का भी आग्रह किया। उन्होंने एनएचएआई के चेयरमैन को अवगत कराया कि 3 जून को विश्व साइकिल दिवस था। इस सिलसिले में उन्होंने लुधियाना में साइकिल उद्योग द्वारा आयोजित कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि लुधियाना दुनिया में साइकिल निर्माण का हब है। विश्व की सबसे बड़ी साइकिल निर्माण इकाई लुधियाना में है। इसके अलावा, अरोड़ा ने एनएचएआई के चेयरमैन को अवगत कराया कि साइकिल परिवहन का एक साधन है जिसका पश्चिमी देशों में अधिक से अधिक उपयोग किया जा रहा है। साइकिल का लाभ यह है कि यह पर्यावरण के अनुकूल, लोगों के स्वास्थ्य के लिए अच्छा और आम आदमी के लिए परिवहन के किफायती साधन हैं। इसलिए, उन्होंने जहां भी संभव हो, एनएचएआई राजमार्गों के साथ-साथ साइकिल ट्रैक बनाने का अनुरोध किया। उन्होंने सुझाव दिया कि लुधियाना में लाडोवाल बाईपास, फिरोजपुर रोड और एलिवेटेड रोड के किनारे साइकिल ट्रैक बनाए जा सकते हैं। उन्होंने आगे बताया कि उनकी जानकारी के अनुसार कुछ प्रस्ताव पहले से ही हेड ऑफिस के पास पड़े हुए हैं। उन्होंने एनएचएआई के चेयरमैन से कहा, "आइए हम लुधियाना में एक उदाहरण पेश करें कि किस तरह शहर में नीदरलैंड जैसे देशों की तरह परिवहन के लिए साइकिल का उपयोग किया जा सकता है।" बैठक के दौरान, अरोड़ा ने पंजाब राज्य और विशेष रूप से लुधियाना में एनएचएआई के बुनियादी ढांचे के काम के तरीके की सराहना की। उन्होंने बताया कि शहर में और उसके आसपास बहुत सारे उद्योग हैं। साथ ही, पीएम गति शक्ति योजना के तहत एक औद्योगिक पार्क भी आ रहा है। इसलिए उन्होंने सभी संभावित स्थलों पर स्पर्स का निर्माण कर सभी औद्योगिक क्लस्टरों को राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ने का अनुरोध किया। उन्होंने एनएचएआई चेयरमैन को अवगत कराया कि प्रोजेक्ट डायरेक्टर एनएचएआई को इस मुद्दे की जानकारी है, जिसे हाल ही में उनकी अध्यक्षता वाली जिला प्रशासन कमेटी में भी उठाया गया था और चर्चा की गई थी। इसके अलावा अरोड़ा ने भारत सरकार के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (एमओआरटीएच) के क्षेत्रीय अधिकारी विपनेश शर्मा से भी बात की और उन्हें चेयरमैन के साथ बैठक के बारे में बताया और उन्होंने हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। अरोड़ा ने कहा कि इन सभी मुद्दों पर आगे बढ़ने के आश्वासन के साथ एनएचएआई के चेयरमैन के साथ बैठक बहुत सफल रही।
-Nhai-Chairman-Assures-Mp-Arora-To-Look-Into-Demand-For-Establishing-Cycle-Tracks-Parking-Space-And-Spurs-In-City