जालंधर। जालंधर के करतारपुर में बनाए गए जंग-ए-आजादी स्मारक को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वरिष्ठ पत्रकार और उन्हें सपोर्ट करने वाले राजनीतिक दलों पर कड़ा तंज कसा है। भगवंत मान ने ट्वीट कर कहा है कि बेशक कोई हमदर्द हो, सिरदर्द हो या बेदर्द, सब बेपर्दा जरूर होंगे। उन्होंने कहा कि जो गलत है उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जर्नलिस्ट हमदर्द के समर्थन में सोमवार को इसे मीडिया पर हमला बताकर रोष मार्च निकाला जा रहा है। जिसको लेकर CM मान की यह प्रतिक्रिया आई है। कुछ पत्रकारों के संगठनों और समाज सेवी संगठनों ने घोषणा कर रखी है कि वह सोमवार को जालंधर में देश भगत यादगार हाल से लेकर डिप्टी कमिश्नर ऑफिस तक सुबह 9 बजे रोष मार्च निकालेंगे। बता दें कि जंग-ए-आजादी स्मारक में घोटाले की आशंका जताते हुए पंजाब सरकार ने इसकी जांच राज्य विजिलेंस ब्यूरो को सौंपी हुई है। विजिलैंस ब्यूरो के नोटिस जारी करने के बावजूद बरजिंदर सिंह उनके दफ्तर में पेश नहीं हुए और अपने वकील के माध्यम से जो 17 सवाल पूछे गए थे उनके जवाब भेजे थे। विजिलेंस ऑफिस में पेश न होने के बाद किया ट्वीट बरजिंदर सिंह के बार-बार विजिलेंस के आफिस में न आने के बाद आज पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राजनीतिक दलों के साथ-साथ बरजिंदर सिंह हमदर्द पर भी तंज कसा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि शहीदों की याद में बनाई गई जंग-ए-आजादी इमारत में लोगों के पैसों के दुरुपयोग को लेकर विजिलेंस एक रसूखदार (बरजिंदर सिंह हमदर्द) को जांच के लिए बुला रही है। यह मीडिया पर हमला किस तरह से हो गया? 200 करोड़ का हिसाब है....क्या पैसा मीडिया के नाम पर जारी हुआ था? अखबार का इससे क्या लेना-देना? हमदर्द के पांव में पड़कर अपने भेद न छपवाने वाले कोई और होंगे...मैं पंजाब के लोगों के एक-एक पैसे का हिसाब लूंगा...बेशक कोई हमदर्द हो, सिरदर्द हो या बेदर्द, सब बेपर्दा जरूर होंगे।
Cm-Manns-Taunt-In-Jang-E-Azadi-Memorial-Investigation-Of-Course-There-Is-A-Sympathizer-Headache-Or-Heartless-All-Will-Definitely-Be-Exposed