चंडीगढ़। अश्विनी शर्मा ने पंजाब BJP के प्रधान पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि अभी तक इसकी औपचारिक घोषणा नहीं हुई है। वह 3 साल पार्टी के प्रधान रहे। भाजपा सुनील जाखड़ को पंजाब का नया प्रधान बना सकती है। भाजपा आज ही कई राज्यों के साथ पंजाब में भी नए प्रधान की घोषणा करेगी। सुनील जाखड़ के नाम पर चर्चा गृह मंत्री अमित शाह की गुरदासपुर रैली से ही शुरू हो गई थी। 18 जनवरी 2020 को अश्वनी शर्मा दूसरी बार पंजाब भाजपा के प्रधान बने थे। इसके बाद विधानसभा चुनाव और संगरूर व जालंधर लोकसभा उपचुनावों में पार्टी ने उन्हीं की अध्यक्षता में चुनाव लड़ा, लेकिन पार्टी को करारी हार देखनी पड़ी थी। पहली बार 2010 में उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। मिली जानकारी के अनुसार, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को सुनील जाखड़ के नाम की घोषणा करने से पहले भाजपा के अंदर विरोध को शांत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा का इस समय लक्ष्य लोकसभा चुनाव 2024 है। जिस तरह सुनील जाखड़ को गुरदासपुर में मंच पर पेश किया गया, उससे साफ होता है कि उन्हें प्रधान के अलावा सांसद उम्मीदवार के तौर पर भी तैयार किया जा रहा है। शांत हो चुका है भाजपा का एक गुट भाजपा में एक समय में दो नाम कमल शर्मा व अश्विनी शर्मा टॉप पर थे, लेकिन कमल शर्मा के देहांत के बाद एक गुट पूरी तरह से शांत हो गया। वहीं, नवजोत सिंह सिद्धू काफी समय पहले ही भाजपा छोड़ कांग्रेस में आ चुके हैं। इसी बीच अकाली दल से अलग होने के बाद अश्विनी शर्मा ग्रुप भी चुनावों में कुछ खास नहीं कर पाया। जिसके चलते हाईकमान का रुख कांग्रेस छोड़ कर आए एक्सपीरियंस नेताओं की तरफ अधिक हो गया।
Ashwani-Sharma-Resigns-From-The-Post-Of-Punjab-Bjp-Chief-Sunil-Jakhar-May-Get-The-Responsibility-Announcement-Possible-Today-Itself