यशपाल शर्मा, लुधियाना
आगामी कौंसलर चुनाव में हार जीत के आंकडे़ की कैलकुलेशन के लिहाज से की गई नई वार्डबंदी का नक्शा जिसे नगर निगम जोन डी की दूसरी मंजिल से नीचे लटकाया गया है, आज विपक्ष के पूरे निशाने पर रहा। सुबह में पूर्व कांग्रेसी कौंसलर्स ने और इसके बाद भाजपा के पूर्व कौंसलर व नेता इस नक्शे को लेकर हास्यपद ढंग से कटाक्ष करते दिखाई दिए। कांग्रेसी इस नक्शे में अपने वार्ड बंदी को ढूंढने के लिए एक सीढ़ी लेकर आ पहुंचे तो वहीं इसके बाद भाजपा के पूर्व कौंसलर व नेता अपना वार्ड ढूंढने को अपने साथ दूरबीन लेकर आए। इन नेताओं का कहना था कि दूरबीन से भी वार्ड की नई हदबंदी समझ नहीं आ रही। लोकल गर्वमेंट ने नई वार्ड बंदी के लिए सात दिन में आम पब्लिक के एतराज मांगें हुए हैं और इसका पहला दिन था, लेकिन दूसरी मंजिल से लटकाए इस नक्शे में नई वार्डबंदी या कहे हदबंदी को कैसे नीचे खड़े होकर पब्लिक अपने एतराज देगी, ये सबसे बड़ा झोल दिखाई दिया। जिसे लेकर कांग्रेस व भाजपा ने नेताओं ने नगर निगम अफसरों की भी जमकर खिंचाई की।
सबसे पहले आज कांग्रेस के पूर्व कौंसलर पंकज काका व बलजिंदर बंटी अपने समर्थकों के साथ इस नक्शे में की गई नई वार्डबंदी के ड्राफट को जब नीचे से खडे़ होकर नहीं समझ पाए तो उनकी ओर से सीढी मंगवा ली गई और इस पर चढ़कर अपने वार्ड को ढूंढने की कोशिश की गई तो इस पर नगर निगम में तैनात पुलिस मुलाजिमों ने ऐसा करने से रोक दिया। जिसके बाद कांग्रेस के पार्षद जॉइंट कमिश्नर आदित्य से मिले। पार्षद पंकज काका ने कहा कि वार्डबंदी का नक्शा इतनी ऊंचा लगा दिया है कि नजर ही नही आ रहा।जनता को समझ नहीं आ रहा है कि उनका इलाका किस वार्ड में है। जोन-D में जो नक्शा लगाया गया है उसे देखने के लिए सीढ़ी लगानी पड़ रही है। कानून के मुताबिक 10 साल के बाद ही वार्डबंदी की जा सकती है। सरकार ने कानून की अवहेलना करते हुए ये वार्डबंदी की है। जिसका सभी पार्षद विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस काम को लेकर धरना भी देगी।
इसके बाद जोन डी में लगाए नक्शे को देखने के लिए जिला भाजपा उपाध्यक्ष सुमन वर्मा,जिला भाजपा सचिव नवल जैन,पूर्व पार्षद गुरदीप सिंह नीटू,रोहित सिक्का, वरिंदर सहगल,पार्षद पुत्र महेश शर्मा, सन्नी नीटू, प्रेस सचिव डॉ.सतीश कुमार,अमन कुमरा, सन्नी नीटू, मोहित सिक्का, सुरेश मिगलानी, सुनील आर्य दूरबीन लेकर पहुंचे।इस मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुमन वर्मा व जिला सचिव नवल जैन ने कहा कि वार्ड बंदी का नक्शा इतना ऊंचा लगा दिया है की नजर ही नहीं आ रहा। दूरबीन से देखने पर भी समझ नहीं आ रहा कि उनका इलाका किसी वार्ड में है। कानून के मुताबिक 10 साल के बाद ही वार्ड बंदी की जा सकती है सरकार ने कानून की अवेहलना करते हुए यह वार्ड बंदी की है। जिसका भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध किया जा रहा है। पूर्व पार्षद गुरदीप सिंह नीटू,रोहित सिक्का,वरिंदर सहगल ने कहा कि शहर की आबादी 25 लाख के लगभग है।दूरबीन लगाने के बाद भी नक्शे में नजर नहीं आ रहा कि कौन से नए इलाके साथ जुड़े हैं। वार्ड बंदी में सिर्फ खानापूर्ति की गई है उन्होंने कहा कि यदि नक्शे को सार्वजनिक रूप से लोगों के बीच नहीं लगाया तो इसका विरोध किया जाएगा। पार्षद पुत्र जिला उपाध्यक्ष महेश शर्मा व भाजपा के जिला प्रेस सचिव डा.सतीश कुमार ने कहा कि आप सरकार ने नक्शे को दूसरी मंजिल पर लगवा कर अपनी कमजोरी छिपाने की कोशिश की है।
Congressmen-Brought-A-Ladder-To-Find-Their-Ward-In-The-Map-While-The-Bjp-Reached-With-Binoculars