चंडीगढ़। कांग्रेस पार्टी ने अपनी नई वर्किंग कमेटी (CWC) का ऐलान कर दिया है। पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी को कांग्रेस हाईकमान ने CWC में बतौर मेंबर शामिल किया है। पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू को CWC में जगह नहीं दी गई। इससे पहले पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) में भी सिद्धू को जगह नहीं दी गई थी। फरवरी 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान नवजोत सिद्धू ही प्रदेश कांग्रेस के प्रधान थे लेकिन चुनाव में मिली करारी हार के बाद कांग्रेस हाईकमान से सिद्धू से इस्तीफा मांग लिया था। उसके बाद गिदड़बाहा के विधायक अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को पंजाब प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाया गया। तभी से अटकलें लगाई जा रही थी कि नवजोत सिंह सिद्धू को कांग्रेस हाईकमान पार्टी ही सेंटर लीडरशिप में जगह दे सकता है। हालांकि रविवार को ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) की ओर से जारी की गई पार्टी की नई वर्किंग कमेटी (CWC) सदस्यों की लिस्ट में सिद्धू को जगह नहीं दी गई। चरणजीत सिंह चन्नी के अलावा कांग्रेस हाईकमान ने आनंदपुर साहिब से अपने लोकसभा सांसद मनीष तिवारी को CWC के परमानेंट इन्वायटी की लिस्ट में शामिल किया है। उनके अलावा पंजाब से राज्यसभा की सांसद रह चुकी पार्टी की वरिष्ठ नेता अंबिका सोनी का नाम CWC मेंबरों में चन्नी के साथ शामिल है।
Congress-High-Command-Trusts-Channi-In-Punjab-Manish-Tiwari-Ambika-Soni-Along-With-Former-Cm-In-Cwc-Sidhus-Name-Missing