अमृतसर। शिरोमणि अकाली दल (SAD) एक तरफ लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों में जुटा है, वहीं दूसरी तरफ सीनियर लीडर्स का पार्टी छोड़कर जाना अभी भी जारी है। अमृतसर में बिक्रम मजीठिया के दो सिपहसालारों ने एक ही दिन में इस्तीफे दे दिए। शहरी SAD प्रधान गुरप्रताप सिंह टिक्का और यूथ अकाली दल (YAD) ग्रामीण के प्रधान गुरशरण सिंह छीना ने एक ही दिन में इस्तीफा दे दिया है। टिक्का ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से अपने इस्तीफे के संबंध में पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को दो पन्नों का पत्र लिखा है और पार्टी पर भाई-भतीजावाद के आरोप लगाए हैं। टिक्का ने कहा है कि वह आने वाले दिनों में अपने सहयोगियों के साथ चर्चा करेंगे और भविष्य की रणनीति तय करेंगे।
15 साल से सेवाएं चढ़ रही भेंट
टिक्का ने अपने इस्तीफे में कहा - मैं 29 साल तक पार्टी के साथ जुड़ा रहा हूं। लेकिन बीते 14-15 सालों में मेरी सेवाएं भाई-भतीजावाद की भेंट चढ़ती गई। मुझे यह सबक मिला कि कैसे राजसत्ता हासिल करने के लिए जमीर व जजबातों की सियासी सौदेबाजी होती है। राजनीति में मैंने आपके साथ सियासी सफर शुरू किया था। लेकिन मुझे साजिश के तहत पीछे धकेला गया, जिसमें आपके नजदीकी भी शामिल रहे, लेकिन बादल परिवार से मिल रहे प्यार के कारण मैं सब कुछ सहता गया। स्वर्गीय प्रकाश सिंह बादल और आपके परिवार के साथ पारिवारिक सांझ, निजी प्यार में कभी कोई कमी नहीं आयी, पर राजनीतिक स्तर पर यह नजदीकी काफी नुकसानदेह साबित हुई है। अपनी जिंदगी का अहम हिस्सा अकाली दल को देने के बावजूद आपकी आंखों के सामने मुझे कई बार सियासी समझौतों की बली चढ़ाया गया। मौजूदा समय में पंथक विचारधारा को एक तरफ रख कर पार्टी में स्वार्थी और व्यापारिक सोच रखने वालों का ज्यादा बोलबाला है। मैं अब सब्र का और इम्तहान देने और धक्का सहने में असमर्थ हूं। इसलिए मैं खुद को पार्टी से अलग करते हुए मेंबरशिप से इस्तीफा देता हूं।
YAD ग्रामीण अध्यक्ष ने भी दिया इस्तीफा
इसी तरह यूथ अकाली दल के ग्रामीण अध्यक्ष, पंजाब यूथ डेवलपमेंट बोर्ड और पूर्व ब्लॉक समिति सदस्य गुरशरण सिंह छीना ने भी पार्टी को छोड़ने की घोषणा की है। छीना ने भी अपना इस्तीफा सुखबीर सिंह बादल को भेजा है। छीना ने भी पार्टी में उन्हें इग्नोर करने के आरोप लगाए हैं। छीना ने इस्तीफे में कहा कि उनकी तीन पीढ़ियां व उनके 20 साल विश्वासघात की भेंट चढ़ गए हैं। जिसके चलते वह अब सदस्य से इस्तीफा देते हैं।
2-Commanders-Of-Majithia-Left-Akali-Dal-Tikka-Gursharan-Chhinas-Resignation-In-Amritsar-Said-Services-Were-Sacrificed-To-Nepotism-Amritsar