चंडीगढ़। चंडीगढ़ नगर निगम मेयर चुनाव के खिलाफ आम आदमी पार्टी (AAP) अब हाईकोर्ट के बाद सुप्रीम कोर्ट जाएगी। पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि वह सुप्रीम कोर्ट से मांग करेंगे कि इस मामले की सुनवाई पहल के आधार पर की जाए। उन्होंने कहा कि देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए यह जरूरी है। बीजेपी के काल में लोकतंत्र का हनन तो पहले से होता रहा है, लेकिन यह पहला मौका है जब वीडियो में सब कुछ कैद हुआ है। वहीं बुधवार को मेयर चुनाव को लेकर को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। हाईकोर्ट ने मेयर चुनाव पर स्टे नहीं लगाया है। हाईकोर्ट ने 3 हफ्ते में इसकी पूरी रिपोर्ट तलब की है। बीते कल यानी मंगलवार को चुनाव में हार मिलने के बाद AAP-कांग्रेस अलायंस के मेयर कैंडिडेट कुलदीप टीटा की तरफ से याचिका लगाई गई थी। याचिका में उन्होंने प्रिजाइडिंग अफसर अनिल मसीह पर धांधली का आरोप लगाया था।
संसद में गूंजेगा मेयर इलेक्शन का मामला
इससे पहले पंजाब के श्री फतेहगढ़ साहिब से कांग्रेस के सांसद डॉ. अमर सिंह ने कहा कि चंडीगढ़ निगम मेयर चुनाव का मुद्दा संसद में गूंजेगा। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ नगर निगम में मंगलवार को जो कुछ भी हुआ है, उसकी वीडियोग्राफी हुई है। प्रिजाइडिंग अफसर ने किस तरह वोट इनवैलिड किए हैं, उसमें सब कुछ साफ दिख रहा है। उन्होंने कहा कि यह सब चीजें लोकतंत्र के लिए खतरा हैं। जैसे इन्होंने चंडीगढ़ में किया है, वैसा ही लोकसभा 2024 के चुनाव में करेंगे। केंद्र में BJP की अगुवाई वाली सरकार विरोधी दल के सांसदों की सुनवाई नहीं करती है। गत सेशन में डेढ़ सौ सांसदों को सस्पेंड कर इन्होंने कानून से जुड़े प्रस्ताव पास किए। यह विपक्ष को खामोश रखने की कोशिश करते हैं।
Aap-Will-Go-To-Sc-Against-Chandigarh-Mayor-Election-Punjab-Cm-Mann-Said-Will-File-Petition-For-Early-Hearing-India-Alliance-Was-Defeated