जालंधर। पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) के इकलौते सांसद सुशील कुमार रिंकू और जालंधर वेस्ट से विधायक शीतल अंगुराल के बीजेपी में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। मगर अब दोनों ने इन अफवाहों पर विराम लगा दिया है। एक मीडिया ग्रुप से बातचीत में सांसद रिंकू ने स्पष्ट किया है कि वह कहीं नहीं जा रहे। आम आदमी पार्टी के साथ हमेशा उनकी वफादारी रहेगी। इसी तरह अंगुराल ने लाइव होकर कहा- ये सभी बातें निराधार हैं। सांसद सुशील रिंकू ने कहा है कि बीते दिन वह अपने परिवार के साथ उत्तर प्रदेश के अयोध्या में पूजा-अर्चना के लिए आए हैं। आज वह वाराणसी में सत गुरु कबीर धाम में माथा टेक चुके हैं। उन्हें भी खबरों के जरिए पता चला कि उनके बीजेपी में जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। रिंकू ने कहा- वह अभी भी आम आदमी पार्टी के सदस्य हैं और यहीं उनकी वफादारी है। वफादार ही रहेंगे। आज फ्लाइट के जरिए रिंकू अमृतसर पहुंचेंगे और वहां से जालंधर आएंगे। जालंधर पश्चिम के विधायक शीतल अंगुराल ने लाइव होकर कहा- वह फिलहाल दिल्ली हैं। बीजेपी जाने की बातें सिर्फ अफवाह हैं। वह किसी पार्टी को जॉइन नहीं कर रहे हैं। अंगुराल ने कहा- आम आदमी पार्टी के साथ उनकी वफादारी है और वह भविष्य में भी किसी अन्य पार्टी में शामिल नहीं होंगे। ये सिर्फ एक अफवाह है। फिलहाल वह दिल्ली में हैं। आज शाम तक वह ट्रेन के जरिए जालंधर पहुंच जाएंगे। शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के जालंधर से सांसद सुशील रिंकू और जालंधर वेस्ट से विधायक शीतल अंगुराल के भाजपा में शामिल होने की अफवाह फैली थी। जिसके बाद जालंधर में राजनीति काफी गरमा गई थी। मगर इसे लेकर दोनों नेताओं ने किसी भी मीडिया ग्रुप के साथ कोई बातचीत नहीं की थी। इसे लेकर कुछ बड़े मीडिया संस्थानों ने भी दोनों के बीजेपी में शामिल होने की जानकारी सांझा की थी। मगर दोनों नेताओं ने इन बातों में को सिर्फ अफवाह बताया है।
Aap-Mp-Rinku-Mla-Angural-Will-Not-Go-To-Bjp-Mp-Said-I-Am-Loyal-To-The-Party-Sheetal-Said-This-Will-Not-Happen-In-Future-Also