चंडीगढ़। पंजाब में लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी उम्मीदवारों के नाम तय करने की दिशा में कार्रवाई शुरू कर दी है। चंडीगढ़ में कोर कमेटी की मीटिंग के बाद दिल्ली में सीनियर नेताओं से बीजेपी की पंजाब इकाई की मीटिंग हुई है। मीटिंग में भाजपा के राष्ट्रीय प्रधान जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के महासचिव बीएल संतोष व प्रधान सुनील जाखड़ समेत कई नेता मौजूद रहे। इसमें हर बिंदु पर मंथन हुआ है। वहीं, सूत्रों की माने तो खडूर साहिब, फतेहगढ़ साहिब व फरीदकोट में उम्मीदवार तय करने में थोड़ी चुनौती जरूर है। क्योंकि पार्टी ने इन हलकों के अलावा बठिंडा व संगरूर से कभी चुनाव नहीं लड़ा है। दिल्ली में मीटिंग में सभी सीटों पर मंथन किया गया। पटियाला के लिए परनीत कौर, रवनीत सिंह बिट्टू लुधियाना, सुशील कुमार रिंकू जालंधर व तरनजीत सिंह संधू का नाम अमृतसर के लिए लगभग फाइनल हो गया है। जबकि, लोकसभा हलका श्री आनंदपुर साहिब से पूर्व राज्यसभा मेंबर अविनाश राय खन्ना, राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन इकबाल सिंह लालपुरा व उनके बेटे अजयवीर सिंह के नाम पर चर्चा हुई है। वहीं, गुरदासपुर से पूर्व सांसद स्व. विनोद खन्ना की पत्नी व पंजाब भाजपा के पूर्व प्रधान अश्वनी शर्मा के नामों पर विचार चल रहा है। सूत्रों की माने तो संगरूर से केवल ढिल्लों व अरविंद खन्ना भाजपा की पसंद हो सकते हैं। वहीं, फिरोजपुर से राणा गुरमीत सिंह सोढी व पूर्व सेहत मंत्री सुरजीत कुमार ज्याणी के नाम पर मंथन हुआ। वहीं, सुनील जाखड़ चुनावी मैदान में उतरेंगे, इसके बारे में अभी तक फैसला नहीं हो पाया है। बठिंडा सीट पर स्वरूप सिंगला व मनप्रीत बादल के नाम पर फैसला हो सकता है। पार्टी के सीनियर नेता विनीत जोशी ने कहा कि पार्टी चुनाव की तैयारियां कर रही हैं। मीटिंगों का दौर जारी है। उम्मीद है कि जल्दी ही नाम फाइनल होंगे।
Preparation-To-Decide-Bjp-Candidate-In-Punjab-Brainstorming-On-All-Seats-In-Delhi-Meeting-Challenge-In-Khadur-Sahib-Fatehgarh-Sahib-Faridkot