चंडीगढ़। पूर्व क्रिकेटर व कांग्रेस के पूर्व पंजाब अध्यक्ष नवजोत सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने एक बार फिर बयान देकर पंजाब की सियासत में हलचल मचा दी है। उन्होंने कहा कि नवजोत सिद्धू इस समय किसी पार्टी में नहीं है। 2022 से उन्हें पार्टी (कांग्रेस) ने बुलाया नहीं। नवजोत ने कहा कि जब पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनी तब प्रियंका गांधी ने डिप्टी सीएम के साथ 7 डिपार्टमेंट नवजोत सिंह सिद्धू को दिए थे। मुझे सांसद। लेकिन मिला क्या एक डिपार्टमेंट। वह भी डेढ़ साल बाद ले लिया। उन्होंने कहा कि सिद्धू मेरी तरह मनमौजी हैं। ये बातें उन्होंने बुधवार (8 अप्रैल) को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहीं। इस दौरान डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने नई पार्टी से चुनाव लड़ने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि मैं 2027 का विधानसभा चुनाव भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी से लड़ूंगी। पार्टी पंजाब की सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। नवजोत ने कहा कि सिद्धू को 2 महीने पहले पता था कि मैं यहां आ रही हूं। एक दिन पहले नवजोत कौर सिद्धू ने 9 साल पुरानी भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी का पोस्टर शेयर किया था। उन्होंने करीब 2 महीने पहले कांग्रेस छोड़ दिया था। इससे पहले उन्हें कांग्रेस ने सस्पेंड कर दिया था।
बड़ी पार्टी से चुनाव लड़ने को पैसे नहीं दूंगी
नवजोत कौर सिद्धू ने कहा कि बड़ी पार्टी में चुनाव लड़ने के लिए पैसे की जरूरत होती है, मैं क्यों पैसे दूंगी। मैं यह पैसा दूसरे काम पर लगाऊंगी। मुझे विदेश से भी कई लोगों के फोन आ रहे हैं, वह समर्थन करने के लिए तैयार हैं। अगर उनकी सरकार बनती है तो मंत्रियों को एक महीने में रिपोर्ट देनी होगी। कैबिनेट में केवल अनुभवी लोगों को जगह दी जाएगी।
युवाओं को मोबाइल का सही उपयोग करना बताएंगे
नवजोत कौर सिद्धू ने कहा कि आज हर घर में टेंशन है। साइकोलॉजी के इतने डॉक्टर उपलब्ध नहीं है, इसलिए हम काउंसलिंग की व्यवस्था करेंगे ताकि कोई भी बच्चा डिप्रेशन में ना आए। अगर आप पूछोगे कि एक दिन में हम युवाओं को नौकरी कैसे देंगे तो उसके लिए तरीका यह है कि युवाओं को मोबाइल का सही उपयोग करना सिखाया जाएगा। जैसे कहीं किसी ने कूड़ा डाला, रॉन्ग पार्किंग की, इस तरह की फोटो युवा सरकार को भेजें और जो फाइन का पैसा है उसका 50% युवाओं को दिया जाएगा।
ड्रग को दूर करने का दिया जाएगा अल्टरनेट
नवजोत कौर ने कहा कि हम ड्रग की समस्या को दूर करने की बात करते हैं। लेकिन उसका कोई अल्टरनेट नहीं दे रहे हैं। ड्रग को दूर नहीं किया जा सकता। इसके लिए पहले अल्टरनेट देना पड़ेगा, ताकि युवा इस के लिए गुमराह ना हों। मुझे खुद डॉक्टर ने कैंसर के लिए दवाई दी थी। लेकिन मैं आज भी दूसरी दवाई खा रही हूं, जिसमें कच्ची हल्दी शामिल है। मुख्य फोकस किसानों पर रहेगा। किसानों को अफीम की खेती करने की अनुमति देंगे।
Navjot-Kaur-Claims-Her-Husband-Navjot-Sidhu-Is-Not-In-Congress-The-Party-Hasnt-Invited-Him-Since-2022-Priyanka-Offered-Him-The-Deputy-Cm-Position