लुधियाना। पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरदीप मुंडियां पर सरपंच की टिकट के लिए 30 लाख रुपए मांगने का आरोप लगाने वाले पूर्व सरपंच धर्म सिंह के खिलाफ जंड्याली की पंचायत सामने आई है। पंचायत ने धर्म सिंह के खिलाफ सीएम भगवंत मान व विजिलेंस को शिकायत दी है। धर्म सिंह करीब 20 साल से गांव की सहकारी समिति के अध्यक्ष भी हैं। जंड्याली की पंचायत ने सीएम से मांग की है कि धर्म सिंह के सरपंच रहते हुए गांव में जो भी काम हुए उनकी विजिलेंस से जांच करवाई जाए। इसके अलावा गांव की सहकारी समिति के कामकाज की भी विजिलेंस जांच की मांग की है। जंड्याली के मौजूदा सरपंच गगनदीप सिंह ने धर्म सिंह पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि वो गांव की सहकारी समिति पर कब्जा करना चाहते हैं इसीलिए उन्होंने मंत्री पर झूठे आरोप लगाए हैं। वो सहकारी समिति के मुद्दे से लोगों का ध्यान भटकाना चाहते हैं।
सहकारी समिति पर कब्जा करने की कोशिश
जंड्याली के मौजूदा सरपंच गगनदीप सिंह ने कहा कि पूर्व सरपंच धर्म सिंह गांव की सहकारी समिति पर कब्जा करना चाहता है। वो करीब 20 साल से समिति पर कब्जा करके बैठा है और चुनाव नहीं करवा रहा है। जब चुनाव की बारी आई तो उसने मंत्री पर बेतुके आरोप लगा दिए। गगनदीप सिंह ने आरोप लगाया कि धर्म सिंह के खिलाफ चार से पांच पर्चे अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। उसका आरोप है कि धर्म सिंह के खिलाफ तो एनडीपीएस का पर्चा भी दर्ज हो चुका है। सरपंच ने कहा कि पूर्व सरपंच जिस जमीन पर कब्जा करने की बात कर रहा है उस पर तो उसके परिवार का ही शो रूम बना हुआ है।
गेहूं की कटाई के वक्त इलेक्शन रख दिया
गगनदीप सिंह ने कहा कि धर्म सिंह ने सोसायटी पर कब्जा करने के लिए ऐसे समय पर इलेक्शन रख दिया जब किसान गेहूं की कटाई में व्यस्त हैं। इसलिए पंचायत इस समय इलेक्शन का विरोध कर रही है. गगनदीप सिंह ने कहा कि इनका परिवार कई सालों तक गांव में सरपंच रहा और यहां पर कोई काम नहीं हुए। पंचायत व सोसायटी के कामों का कोई हिसाब किताब पेश नहीं किया गया। इसलिए उन्होंने सीएम व विजिलेंस को इस मामले की शिकायत दी है।
Action-Against-The-Person-Who-Accused-Aap-Minister-Mundian-Jandyali-Panchayat-Sent-A-Complaint-To-Cm-Vigilance-Saying-He-Wants-To-Take-Over-The-Cooperative-Society