चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने गर्मी की वजह से सरकारी दफ्तरों और स्कूलों का समय बदल दिया है। अब दफ्तर और स्कूल सुबह साढ़े 7 बजे खुलेंगे और दोपहर 1.30 बजे बंद होंगे। स्कूलों के आदेश सभी क्लासेज के लिए होंगे। यह आदेश सोमवार यानी 25 मई से लागू होंगे। CM भगवंत मान ने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए ये फैसला लिया है। पहले सरकारी स्कूलों का समय सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक था। वहीं ऑफिसों का समय सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक है। इससे पहले सरकार ने 2 मई 2023 से 15 जुलाई 2023 तक राज्य के सभी सरकारी दफ्तरों का समय बदलकर सुबह 7:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक कर दिया था। साल 2023 में दफ्तर दोपहर 2:00 बजे बंद होते थे, जबकि इस बार (2026 में) अत्यधिक गर्मी के कारण समय को आधा घंटा और घटाकर दोपहर 1:30 बजे तक ही कर दिया गया है। इस बीच आज सुबह अचानक मौसम बदल गया। जालंधर, लुधियाना और पठानकोट समेत कई जगह बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। जालंधर और पठानकोट में तो बारिश के साथ तेज हवाएं भी चली। उधर, चंडीगढ़ में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। पंजाब में गुरुवार को अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। राज्य में सबसे ज्यादा तापमान बठिंडा में 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 24 से 26 मई को आसमान सामान्य रूप से साफ रहेगा। इस दौरान तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है और 26 मई तक अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
Breaking-News-Government-Office-And-School-Timings-Changed-In-Punjab-They-Will-Now-Open-At-7-30-Am-Cm-Says-Decision-Due-To-Heat-Light-Rain-Brings-Relief-From-Heatwave